ब्रिटिश समाचार एजेन्सी रोयटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार डोनल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें यह महसूस हो रहा है कि ईरान ही सऊदी तेल प्रतिष्ठानों पर हमले में लिप्त है किन्तु वह फिर भी क्षेत्र में युद्ध नहीं चाहते।
ज्ञात रहे कि अमरीका ने आरोप लगाया था कि ईरान अपने प्रतिस्पर्धी सऊदी अरब में तेल प्रतिष्ठानों पर हमले में सीधे रूप में लिप्त है। अमरीका के राष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि वह सऊदी अरब में तेल प्रतिष्ठानों पर होने वाले हमले पर प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार हैं और इसके लिए वाशिंग्टन ने अपने लक्ष्य भी निर्धारित कर लिए हैं किन्तु इसके एक दिन बाद ही अब अपने नये बयान में अमरीकी राष्ट्रपति का कहना था कि उन्हें ऐसा करने की कोई जल्दी नहीं है।
डोनल्ड ट्रम्प का कहना था कि हमारे पास और भी विकल्प हैं, अभी हम इन विकल्प की ओर नहीं देख रहे हैं बल्कि पहले हम यह जानना चाहते हैं कि यह हमला किस ने किया।
डोनल्ड ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब के लिए उन्हें किसी विवाद में जाने की जल्दी नहीं है और न ही वह युद्ध की इच्छा रखने वाले व्यक्ति हैं।
ट्रम्प ने ईरान पर आरोप लगाने वाले बयानों से स्वयं को अलग करते हुए कहा कि विदेशमंत्री और ऊर्जा मंत्री सहित अमरीकी मंत्रीमंडल के सदस्यों ने ईरान पर आरोप लगाया है और वे लोग शीघ्र सऊदी अरब जाएंगे।